बैतूल , जुलाई 04 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के 27,778 विद्यार्थियों को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और निपुण भारत कार्यक्रम-2023 के उद्देश्यों को मजबूत करने की दिशा में की जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार, एचपीसीएल द्वारा यूनिसेड संस्था के सहयोग से जिले के विद्यार्थियों को शैक्षणिक बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण, वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
स्कूल बैग वितरण पांच जुलाई को जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल के अटल सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैतूल संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके होंगे।
कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष तथा भारत सरकार के खान मंत्रालय के नीति सलाहकार एवं राजभाषा समिति के सदस्य अवनीश त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
प्रशासन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सांसद उइके के प्रयासों से एचपीसीएल की सीएसआर योजना के अंतर्गत यह पहल जिले में लागू की जा रही है। यूनिसेड संस्था देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न आईआईटी के सहयोग से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार आधारित परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। संस्था का लक्ष्य ग्रामीण और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित