चंडीगढ़ , मई 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार शाम हरियाणा निवास में उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के लिए 252 करोड़ रुपये की खरीद और अनुबंधों को मंजूरी दी गयी।
श्री सैनी ने कंपनियों से बातचीत कर कई वस्तुओं की कीमतों में उल्लेखनीय कमी सुनिश्चित की। उन्होंने सार्वजनिक धन के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी मौजूद रहीं।
बैठक में हरियाणा पुलिस के लिए सुरक्षा उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गयी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से 18,000 रैबिट कंडक्टरों की खरीद को भी मंजूरी मिली।
इसके अलावा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पांच प्रकार के 132/66 केवी सी एंड आर पैनलों की खरीद को मंजूरी दी गयी।
हरियाणा परिवहन विभाग की साधारण बसों, एसी बसों, मिनी बसों और चालक प्रशिक्षण विद्यालयों की बसों के दो साल के बीमा प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी पिछले साल की दरों पर ही बीमा कवरेज देने को सहमत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी धन जनता का धन है और सरकार इसकी संरक्षक है। उन्होंने सभी विभागों को खरीद में बाजार दरों, पिछले वर्षों की दरों और अन्य राज्यों की दरों का तुलनात्मक मूल्यांकन करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित