चंडीगढ़ , मार्च 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) की बैठक में रबी 2026-27 सीजन के लिए भंडारण व्यवस्था को मजबूत करने संबंधी अहम फैसले लिये गये। बैठक में करीब 550 करोड़ रुपये मूल्य की जूट और अन्य भंडारण बोरियों की खरीद के दो एजेंडों पर चर्चा हुई।

बातचीत के जरिए लगभग 80 करोड़ रुपये की बचत करते हुए गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए जूट बोरियों के साथ अन्य बोरियों की खरीद को मंजूरी दी गयी। इस फैसले से राज्य की अनाज भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी और किसानों से खरीदे जाने वाले गेहूं का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हाफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम (एचएसडब्ल्यूसी) की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खरीद प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो, ताकि सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कृषि उपज का सुरक्षित भंडारण सरकार की प्राथमिकता है और रबी सीजन की तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि मंडियों में फसल आगमन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आये।

बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित