चंडीगढ़ , फरवरी 24 -- हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य के मेधावी युवा आयोग की नजरों में अनुत्तीर्ण साबित किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के कई छात्र नेट और जेआरएफ टॉपर हैं, यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडलिस्ट हैं और वर्षों से उच्च पदों पर कार्यरत हैं, लेकिन एचपीएससी के सहायक प्रोफेसर परीक्षा में वे 35 प्रतिशत अंक भी हासिल नहीं कर पा रहे। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में कई भर्तियों में गड़बड़ियां हुई हैं। हाल ही में अंग्रेजी सहायक प्रोफेसर की 613 पदों की भर्ती में केवल 151 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न वर्गों के उम्मीदवारों के साथ अन्याय हुआ है।

उन्होंने बताया कि एचसीएस (एक्स ब्रांच) के 100 पदों में से केवल 61 पद भरे गये और 39 खाली रह गये। एडीओ एग्रीकल्चर के 600 पदों में से सिर्फ 50 भरे गये। पीजीटी म्यूजिक के 80 में से 25, पीजीटी पॉलिटिकल साइंस के 287 में से 192, लेक्चरर इलेक्ट्रिकल के 61 में से 40, कंप्यूटर इंजीनियरिंग के 44 में से 34 और इंस्ट्रूमेंट के 17 में से आठ पद भरे गये। पीजीटी फिजिकल एजुकेशन एवं फाइन आर्ट्स के 1325 पदों में से 642 ही भरे गये।

श्री हुड्डा ने एचपीएससी अध्यक्ष को बर्खास्त करने, आयोग को भंग कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित