भिवानी , जुलाई 04 -- हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दूसरे दिन आज रविवार को प्रदेशभर में लेवल-1 (पीआरटी) और लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षाएं शांतिपूर्ण और कड़े सुरक्षा पहरे के बीच संचालित की गई।

परीक्षा के सफल आयोजन के बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़ ने परीक्षार्थियों के लिए एक बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि सोमवार 6 जुलाई को परीक्षा की आन्सवर की जारी कर दी जाएगी। बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि रविवार को परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई। सुबह के सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 यानी टीजीटी के लिए परीक्षा हुई, जिसमें सबसे ज्यादा परीक्षार्थियों ने भाग लिया। वहीं, सायंकालीन सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 यानी पीआरटी की परीक्षा संचालित की गई। सुबह और शाम के सत्रों को मिलाकर कुल एक लाख 62 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे।

बोर्ड के चेयरमैन ने बताया कि लेवल-2 की परीक्षा प्रदेश भर के 383 परीक्षा केंद्रों पर संचालित हुई, जिसमें एक लाख 19 हजार 141 परीक्षार्थी बैठे तथा लेवल-1 की परीक्षा 139 केंद्रों पर प्रदेश भर में संचालित हुई, जिसमें 43 हजार 62 परीक्षार्थी बैठे। बोर्ड चेयरमैन धूपड़ ने बताया कि नकल रहित और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा बोर्ड और जिला प्रशासन द्वारा प्रदेशभर के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक हाजिरी और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ उडऩदस्तों ने भी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि एचटेट परीक्षा का आयोजन पूरी तरह सफल और शांतिपूर्ण रहा है। परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए छह जुलाई सोमवार को एचटेट परीक्षा की आन्सवर की अपलोड कर दी जाएगी। चेयरमैन ने बताया कि आंसर-की जारी होने के बाद विद्यार्थियों को इस पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। विद्यार्थियों से प्राप्त आपत्तियों की गहनता से जांच करने के लिए विषय विशेषज्ञों की एक कमेटी फैसला लेगी। एक्सपर्ट्स के निर्णय के आधार पर ही अंतिम परिणाम का रास्ता साफ होगा। साथ ही उन्होंने बताया कि एचटेट परीक्षा का परिणाम भी जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित