यमुनानगर , नवंबर 10 -- हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत लगे कर्मचारियों को वेतन न मिलने से कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने सिविल अस्पताल यमुनानगर में जिला प्रधान विजय कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को गेट मीटिंग हुई। बैठक का संचालन जिला कैशियर अनिल जूड़ा ने किया।
जिला प्रधान विजय कुमार ने कहा कि त्योहारों के सीजन में वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार और विभाग बार-बार आश्वासन दे रहा है लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं हो रहा है। हरियाणा सरकार के महीने की सात तारीख तक वेतन देने के दावे भी जुमला साबित हो रहे हैं। सरकार का पत्र जारी होने के बाद भी कौशल कर्मचारियों का वेतन नहीं दिया गया।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा सरकार की होगी।
श्री कुमार ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करवाने, पुरानी पेंशन बहाल करवाने, विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों के समाधान के लिए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ की ओर से 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में स्वास्थ्य कर्मचारी बढ़-चढ़कर भागीदारी करेंगे।
इस मौके पर करण, संजीव, सुबे, राजेश, सुशील, गौरव, पंकज, गुरप्रीत, केसर, राजेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित