चंडीगढ़ , मई 20 -- हरियाणा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएनएल) के संविदा कर्मचारियों की शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए समन्वय शिकायत निवारण समिति का गठन किया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में आदेश जारी किये हैं। समिति तत्काल प्रभाव से काम करेगी।
समिति की अध्यक्षता एचकेआरएनएल के महाप्रबंधक करेंगे। इसमें एचकेआरएनएल और मानव संसाधन विभाग के संबंधित अधीक्षक, वित्त विभाग के अधीक्षक, सीआरआईडी विभाग के आईटी प्रमुख और हरियाणा नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक या नामित व्यक्ति शामिल होंगे। एचकेआरएनएल नोडल एजेंसी के रूप में बैठकें आयोजित कर समन्वय करेगी।
समिति रोजगार सुरक्षा कानून, संविदात्मक नियुक्ति, पात्रता विवाद और सेवा सत्यापन से जुड़े मुद्दों की जांच करेगी। यह मानव संसाधन विभाग, एचकेआरएनएल, वित्त विभाग, सीआरआईडी और अन्य विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेगी।
समिति मुकदमेबाजी से पहले विवादों की जांच कर प्रशासनिक समाधान का प्रयास करेगी। समयबद्ध सिफारिशें देगी और संभावित मुकदमों की पहचान कर पहले ही उपाय सुझाएगी। शुरुआत में समिति की बैठक सप्ताह में कम से कम दो बार होगी। कार्यभार के आधार पर बैठकें बढ़ाई जा सकेंगी। बैठकें प्रत्यक्ष या ऑनलाइन आयोजित हो सकती हैं। शिकायतों का समाधान संज्ञान की तिथि से 15 दिनों में करना होगा। जरूरत पर 10 दिन और बढ़ाये जा सकते हैं।
सभी शिकायतें पहले एचकेआरएनएल के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करनी होंगी। केवल अनसुलझे मामले ही समिति को भेजे जाएंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि बोर्डों, निगमों और विभागों के सभी संविदा कर्मचारियों को अदालत जाने से पहले एचकेआरएनएल पोर्टल पर शिकायत तंत्र का उपयोग करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित