चंडीगढ़ , फरवरी 06 -- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने स्टेनोग्राफर सहित विभिन्न समूह पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि पात्र उम्मीदवार छह से 20 फरवरी की रात 11:59 बजे तक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि और समय के बाद आवेदन पोर्टल स्वत बंद हो जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय प्राथमिकता केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दी जाएगी जो स्टेनोग्राफी कौशल परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे।

आयोग ने जानकारी दी कि राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में सिख उम्मीदवारों को निर्धारित मानकों के तहत कृपाण धारण करने की अनुमति होगी।

कृपाण की कुल लंबाई नौ इंच और ब्लेड की लंबाई छह इंच से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा के निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त विवाहित महिला उम्मीदवारों को परीक्षा हॉल में मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी गई है। उन्हें परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना होगा।

आयोग ने इन प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित