नयी दिल्ली , मई 18 -- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सोमवार को कहा कि एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने स्वास्थ्य क्षेत्र की जरूरतों को समय रहते पहचानकर व्यावहारिक और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराए हैं जिसका विशेष लाभ महिलाओं और मरीजों को मिला है।

सुश्री श्रीवास्तव ने आज तिरुवनंतपुरम स्थित एचएलएल पेरूरकड़ा फैक्टरी में आयोजित एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के हीरक जयंती समापन समारोह में कहा कि एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने प्रधानमंत्री के "सभी के लिए समावेशी, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं" उपलब्ध कराने के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि संस्था ने स्वास्थ्य क्षेत्र की जरूरतों को समय रहते पहचानकर व्यावहारिक और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराए हैं, जिनका विशेष लाभ महिलाओं और मरीजों को मिला है।

उन्होंने कहा कि एचएलएल की अफोर्डेबल मेडिसिन्स एंड रिलाएबल इंप्लांट्स फॉर ट्रीटमेंट (एएमआरआईटी) फार्मेसी नेटवर्क तथा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसी पहलें देशभर में सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में बेहद सफल रही हैं। एएमआरआईटी फार्मेसियों के माध्यम से कैंसर की दवाएं, ब्रांडेड दवाएं और आवश्यक चिकित्सा उपकरण बाजार मूल्य से लगभग 50 प्रतिशत कम दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है।

उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान एचएलएल की त्वरित और समन्वित भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, भीष्म क्यूब और दवाओं की शीघ्र आपूर्ति कर संगठन ने संकट की घड़ी में अपनी तत्परता और सेवा भावना का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1966 में स्थापित एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य मिशन को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रम से लेकर स्वास्थ्य उत्पादों, डायग्नोस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और सामाजिक विपणन तक संगठन ने निरंतर नवाचार और जनसेवा का परिचय दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित