रांची , जनवरी 31 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी है।
श्री सिन्हा ने कहा कि हमें उम्मीद है कि झारखंड जैसे पिछड़े एवं नये राज्य जिसने अभी 25 वर्ष पूरे किये हैं उसे केन्द्रीय सहयोग मिलना चाहिए ताकि विकास के यात्रा में हम तेजी से चल सके। उन्होंने कहा कि इस राज्य का बकाया राशि 01 लाख 36 हजार करोड़ रूपैया है उसे केन्द्र सरकार दें। इसके साथ ही बिहार के तर्ज पर 10 हजार रू0 मईया सम्मान योजना के लिए निर्गत करें ताकि गठबंधन की सरकार 2500 रू से बढ़ाकर 10 हजार कर सके जिसे झारखंड के गांव में रहने वाली आदिवासी दलित और अन्य महिलाएं आर्थिक रूप से सबल हो सके।
श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ही इस बजट को विकासित भारत 2047 की संज्ञा दी है, इसमें झारखंड एक मात्र राज्य है जो इस सपने को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसके लिए झारखंड राज्य में बड़े उद्योग धंधे स्थापित हों, एचईसी को पुर्नजीवित करने के लिए बजट में प्रावधान हो ताकि देश का मदर उद्योग एचईसी बच सके।
श्री सिन्हा ने कहा कि आम बजट में कृषि को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, झारखंड में तमाम संसाधन उपलब्ध है और झारखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए विशेष सहायता पैकेज मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित