शिमला , फरवरी 03 -- हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के क्वानू के पास मंगलवार सुबह हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) की एक बस के गहरी खाई में गिरने से कम से कम तीन यात्रियों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गये।
यह दुर्घटना आज सुबह करीब 9.30 बजे शुदोई खड़ के पास हुई जिसके बाद स्थानीय लोगों एवं प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान चलाया। यह बस (पंजीकरण संख्या एचपी-66ए-2588) शिमला जिले के चौपाल-नेरवा से उत्तराखंड के विकासनगर होते हुए पांवटा साहिब के लिये जा रही थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में 34 यात्री सवार थे। तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और 31 अन्य लोग घायल हो गए जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। घायलों को तत्काल नजदीक के स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ घायल यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि संकरी पहाड़ी सड़क पर बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और सरकारी टीमों के पहुंचने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया।
दुर्गम भूभाग के कारण राहत अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ था लेकिन समन्वित प्रयासों से घायलों को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। घटना की पुष्टि करते हुए प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने कहा कि अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना है। उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम की एक टीम को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेजा गया और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित