जालौन , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश की जनपद जालौन में बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों की टीम ने करीब आठ वर्षों से एचआईवी पॉजिटिव मरीज का सफल टोटल हिप रिप्लेसमेंट किया।
चिकित्सकों के अनुसार एचआईवी संक्रमित मरीज में इस प्रकार की बड़ी आर्थोपेडिक सर्जरी संक्रमण और अन्य जटिलताओं के लिहाज से चुनौतीपूर्ण मानी जाती है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि मरीज का टोटल हिप रिप्लेसमेंट सफलतापूर्वक किया गया। उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमित मरीज में ऑपरेशन के दौरान संक्रमण से बचाव समेत कई स्तरों पर विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। मेडिकल कॉलेज की टीम ने सभी आवश्यक सावधानियों के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया।
सर्जरी का नेतृत्व असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एचओडी डॉ. सिद्धार्थ ने किया। उनके साथ डॉ. ओमवीर और डॉ. अमित ने सहयोग किया। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सुनीत एवं उनकी टीम ने संभाली। ऑपरेशन के दौरान नर्सिंग स्टाफ से वर्षा सिस्टर ने सहयोग किया।
प्रधानाचार्य ने पूरी टीम के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में जटिल मामलों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार कार्य कर रही है। सफल सर्जरी को संस्थान की चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित