चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- हरियाणा ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि जनवरी 2026 में पहले 95 लक्ष्य के तहत निदान कवरेज 85.2 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 93.2 प्रतिशत हो गया है। वहीं उपचार कवरेज 83.7 प्रतिशत से बढ़कर 90.9 प्रतिशत पहुंच गया है। वायरल दमन का लक्ष्य राज्य पहले ही 95.8 प्रतिशत के साथ पार कर चुका है।
उन्होंने बताया कि रोगियों की ट्रैकिंग, लक्षित हस्तक्षेप, एचआईवी परीक्षण बढ़ाने, उपचार जारी रखने और जागरूकता अभियानों से यह उपलब्धि हासिल हुई है। कुरुक्षेत्र, कैथल, भिवानी, पंचकूला और यमुनानगर ने निदान, उपचार और वायरल दमन के प्रमुख लक्ष्यों में पूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हरियाणा का प्रदर्शन देश के शीर्ष छह राज्यों में पहुंच गया है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि उपचार छोड़ चुके या संपर्क से बाहर हुए लोगों को दोबारा स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ऐसे करीब आधे लोगों को स्वास्थ्य प्रणाली से फिर जोड़ा गया है। राज्य में मुफ्त एचआईवी जांच, परामर्श, उपचार और वायरल लोड निगरानी की सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है।
प्रवासी श्रमिकों, ट्रक चालकों, महिला यौनकर्मियों, नशा करने वालों और ट्रांसजेंडर समुदायों के लिए लक्षित कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जेलों और ओपिओइड प्रतिस्थापन केंद्रों में भी नियमित एचआईवी जांच बढ़ाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित