पटना , मार्च 26 -- बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं पूर्व मध्य रेल, दानापुर के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी/एड्स विषय पर गुरुवार को प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का उद्घाटन समिति के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा एवं वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी देना, बचाव एवं रोकथाम के उपायों से अवगत कराने के साथ समाज में भेदभाव मुक्त व्यवहार को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एचआईवी/एड्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें मुख्य रूप से संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, समय पर जांच एवं उपचार की महत्ता पर विशेष बल दिया गया। समिति के उप निदेशक अरविन्द कुमार ने इससे जुड़े अभियान के लक्ष्य को रेखांकित किया।

संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम के दौरान संक्रमण नियंत्रण को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय कुमार पवार ने प्रतिभागियों को जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त हरि कान्त प्रसाद सिंह,विनीत कुमार सागर, राजीव कुमार तिवारी, निरीक्षकगण एवं जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित