लखीसराय , सितंबर 24 -- गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, लखीसराय में गुरुवार को एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया।जिला पर्यवेक्षक, डीएपीसीयू लखीसराय डॉ. जितेंद्र कुमार लाल ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण की रोकथाम, जांच एवं उपचार तथा स्वैच्छिक रक्तदान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने रक्तदान के महत्व, इससे जुड़ी भ्रांतियों तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

जागरूकता कार्यक्रम के बाद आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 50 विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्त संग्रह लखीसराय रक्त केंद्र की टीम ने किया।

शिविर में छात्र विक्की कुमार सिंह, चंदन राज, दिव्या रानी और दर्पण प्रधान के अलावा प्रोफेसर जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार, कन्हैया कुमार एवं रवि कुमार ने भी रक्तदान कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर कॉलेज के रजिस्ट्रार सह रेड रिबन क्लब के नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और स्वस्थ एवं योग्य लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने तथा समाज में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में योगदान देना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज के प्राचार्य का सहयोग रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित