रांची , दिसंबर 19 -- हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 को लेकर राजधानी रांची में खेल का उत्साह चरम पर है।
इस प्रतिष्ठित लीग के आयोजन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम को पूरी तरह से सजाया-संवारा जा रहा है। स्टेडियम में रंग-रोगन, दर्शक दीर्घा की मरम्मत, मैदान की फिनिशिंग, लाइटिंग और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।
इस बार हॉकी प्रेमियों के लिए सबसे खास बात यह है कि महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के सभी मुकाबले रांची में आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की नामचीन महिला खिलाड़ियों की मौजूदगी से राजधानी एक बार फिर हॉकी के वैश्विक मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराने जा रही है। आयोजन से न केवल रांची, बल्कि पूरे झारखंड में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट से पहले ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रांची पहुंच चुके हैं। मोरहाबादी स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में टीमों के अभ्यास सत्र जोरों पर हैं। घरेलू टीम 'रांची रॉयल्स' सबसे अधिक चर्चा में है। अभ्यास सत्र के दौरान टीम को देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। टीम में भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी ब्यूटी डुंगडुंग समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड की कई उभरती महिला हॉकी खिलाड़ियों को भी अभ्यास का मौका मिल रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं का मनोबल काफी बढ़ा है। अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का यह संतुलन रांची रॉयल्स को एक मजबूत टीम के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।
महिला हॉकी इंडिया लीग का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। पहला मुकाबला 28 दिसंबर को रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच रात 7:30 बजे खेला जाएगा। 29 दिसंबर को सूरमा हॉकी क्लब और राढ़ बंगाल टाइगर्स आमने-सामने होंगे। 30 दिसंबर को रांची रॉयल्स का मुकाबला राढ़ बंगाल टाइगर्स से होगा। नए साल पर 1 जनवरी को एसजी पाइपर्स और राढ़ बंगाल टाइगर्स तथा 2 जनवरी को रांची रॉयल्स और सूरमा हॉकी क्लब के बीच मैच खेले जाएंगे। 3 से 8 जनवरी तक लीग चरण के अंतिम मुकाबले होंगे, जबकि फाइनल मैच 10 जनवरी को रात 8:15 बजे आयोजित किया जाएगा।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि हॉकी झारखंड का सबसे लोकप्रिय खेल है। हॉकी इंडिया और राज्य सरकार के सहयोग से यह आयोजन सफल होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली बार करीब दो लाख दर्शक जुटे थे। सीमित बैठने की व्यवस्था को देखते हुए मोरहाबादी में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच का सीधा प्रसारण किया गया था। इस बार भी बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने झारखंडवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर रांची रॉयल्स और झारखंड की बेटियों का हौसला बढ़ाएं। रांची रॉयल की पूरी टीम 23 तारीख तक पहुंच जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित