भोपाल , सितंबर 24 -- मध्यप्रदेश के भोपाल में स्थित उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान (आईईएचई) के कृषि विभाग द्वारा 'एग्री विस्टा-2026' के अंतर्गत व्याख्यान सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के महत्व पर चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रतिपूरक वनीकरण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण के विशेषज्ञ सदस्य रमेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता की संभावनाओं से परिचित कराते हुए उनके व्यक्तित्व एवं व्यावसायिक कौशल का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्रीवास्तव ने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों को योग्यता, कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के निरंतर विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा दूसरों से नहीं, बल्कि स्वयं से होनी चाहिए। विद्यार्थियों को आत्ममूल्यांकन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीवन में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अनुशासन, परिश्रम और निरंतर प्रयास के महत्व को भी रेखांकित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित