नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- सार्वनजिक क्षेत्र की कंपनी एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और तीन प्रमुख कंपनियों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर कराए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में जनहितकारी पहलों के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कोष का प्रभावी उपयोग करना है।

यह समझौता एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड की 15वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) और 71वीं बोर्ड बैठक गुरूवार को यहां आयोजित एक बैठक में किया गया। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि इनसाझेदारों में मेसर्स पिडिलाइट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मेसर्स वेंकटेश्वर हैचरीज़ प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स एवरेस्ट इंस्ट्रूमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

इस सहयोग के तहत टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों, जलवायु अनुकूल कृषि, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, कृषि-स्टार्टअप, डिजिटल नवाचार, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि मशीनीकरण और शिक्षा जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में काम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड, आईसीएआर की कृषि व्यवसाय, प्रौद्योगिकी व्यावसायीकरण और सीएसआर निधि जुटाने वाली मुख्य संस्था है।

बैठक में आईसीएआर के महानिदेशक और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. एम. एल. जाट, आईसीएआर के सचिव श्री ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, वित्तीय सलाहकार श्री संदीप सरकार और एग्रीनोवेट इंडिया लिमिटेड के सीईओ डॉ. प्रवीण मलिक सहित बोर्ड के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित