खरगोन , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय के अंजुमन नगर में एक ही समाज के दो पक्षों के बीच लड़की के किसी के साथ चले जाने और आम रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 15 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
खरगोन कोतवाली प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि सोमवार देर रात आमने-सामने रहने वाले दो परिवारों में लड़की के चले जाने की बात और आम रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव और हाथ-पैर से मारपीट हुई। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दूसरे स्थान से भी लोग मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद मारपीट की। बीच-बचाव करने वाले लोगों के साथ भी मारपीट हुई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार माज शेख की शिकायत पर इरशाद, सैजाद, आवेश समेत सात लोगों के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष की शिकायत पर इमरान, शोएब, शादाब, अमन समेत आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित