बैतूल , जून 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभात पट्टन क्षेत्र के घाट अमरावती गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में तीन मंदिरों की दानपेटियां तोड़कर नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने गांव स्थित मां अंबा मंदिर, शिव मंदिर और अमरेश्वर नागद्वार मंदिर को निशाना बनाया। बदमाशों ने मंदिरों की दानपेटियां तोड़कर उनमें रखी नकदी निकाल ली। चोरी के दौरान अन्य सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
गुरुवार सुबह ग्रामीण और मंदिर समिति के सदस्य नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो दानपेटियां टूटी हुई मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर में घूमता तथा दानपेटी तोड़ता हुआ दिखाई दिया है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली। मामले की जांच जारी है।
थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि घाट अमरावती के मंदिरों में चोरी की सूचना मिलने के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित