रायगढ़ , अप्रैल 08 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना छाल थाना क्षेत्र के एडूकला जंगल की है, जहां बुधवार सुबह ग्रामीण महुआ बिनने गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ पर युवक और युवती की लाश फांसी के फंदे से लटकी देखी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना छाल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान भुंडीबाहरी निवासी रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित