पटना , अक्टूबर 22 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि एक ही खेत में खाद्यान्न के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन किसानों की आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि एग्री-वोल्टेइक्स तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता को बनाए रखते हुए स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकता है, जिससे किसानों को आय के अतिरिक्त अवसर मिलेंगे और कृषि भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
श्री सिन्हा ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित सातवें एग्री-वोल्टेइक्स विश्व सम्मेलन 'पावरिंग द ग्लोबल साउथ' में भाग लेते हुए कहा कि कृषि और सौर ऊर्जा का समन्वय भविष्य की खेती को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि 'एक खेत, दो लाभ' की अवधारणा किसानों की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश पारंपरिक कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़कर किसानों को 'अन्नदाता से ऊर्जादाता' बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित