जशपुर , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सेकंड हैंड मोबाइल के बकाया एक हजार रुपये को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपने दोस्त की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने घटना के करीब एक सप्ताह बाद आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस ने रविवार यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल में रपटा पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा था। उसके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान और खून मिला था। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने पर मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास (29) के रूप में हुई। वह खेती-किसानी करता था। पुलिस की पूछताछ में राजेश के दोस्त ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर संदेह हुआ। कैलाश भी खेती का काम करता है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी कृष्णा ने राजेश को ओप्पो कंपनी का सेकंड हैंड मोबाइल छह हजार रुपए में बेचा था। इसमें से राजेश ने पांच हजार रुपए दे दिए थे, जबकि एक हजार रुपए बकाया था। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच के अनुसार 23 सितंबर को कैलाश अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार में राजेश को बैठाकर जुरगुम जंगल की ओर ले गया। जंगल पहुंचने के बाद उसने राजेश से बकाया रकम मांगी। इसी दौरान दोनों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कैलाश ने राजेश को कार से नीचे उतारने के बाद जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में एक गहरी जगह पर फेंक दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया। घटना के समय पहने अपने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने के साथ ही आरोपी ने कार पर लगे खून के छींटों को नदी के पानी से साफ किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद कर ली है।

एसएसपी राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। सबूत मिटाने के प्रयास के कारण हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के साथ धारा 238 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित