महराजगंज , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुई मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर करीब एक साल बाद क्राइम सीन रिक्रिएशन किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुनः चिकित्सकीय समीक्षा के लिए प्रकरण स्टेट मेडिकोलीगल सेल, लखनऊ भेजा गया था। नामजद व्यक्ति के खिलाफ आरोप प्रमाणित नहीं होने पर पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में प्रेषित कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को घुघली थाना क्षेत्र के पौहरिया गांव निवासी फैजुल्लाह रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिले थे। बाद में उनकी मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर घुघली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, एम्बुलेंस इवेंट रजिस्टर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अभिलेख, पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित गवाहों के बयान समेत उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साक्ष्यों के आधार पर नामजद व्यक्ति के विरुद्ध आरोप प्रमाणित नहीं पाए जाने पर विवेचना के बाद अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी गई थी।
इस बीच मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आपत्ति जताई। इसके बाद रिपोर्ट की पुनः चिकित्सकीय समीक्षा के लिए प्रकरण स्टेट मेडिकोलीगल सेल, लखनऊ भेजा गया। सेल से प्राप्त रिपोर्ट में चोट को ट्रेन से रन-ओवर इंजरी से संबंधित बताया गया। मृत्यु के तरीके के संबंध में दुर्घटनात्मक अथवा आत्मघाती पहलू की पुष्टि के लिए क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम से क्राइम सीन का वैज्ञानिक परीक्षण कराने की आवश्यकता बताई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला से घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण और घटना के रिक्रिएशन/रिकन्स्ट्रक्शन के संबंध में पत्राचार किया गया था। पुलिस मुख्यालय, तकनीकी सेवाएं, लखनऊ से मिले निर्देशों के क्रम में जनपदीय फील्ड यूनिट की टीम की मौजूदगी में क्राइम सीन रिक्रिएशन/रिकन्स्ट्रक्शन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि उपलब्ध वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण की विवेचना गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार निस्तारित की जाएगी। सभी उपलब्ध तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित