पटना , जुलाई 14 -- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने मंगलवार को कहा कि एक साजिश के तहत उनके नामांकन को रद्द किया गया है।
श्रीमती मानवी ने आज संवाददाताओं से कहा कि सोमवार को नामांकन के दिन एक पुराने शिकायती मुकदमे की गांठ खोल कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जिसकी वजह से तनाव के साथ समयाभाव में नामांकन में कुछ त्रुटियां रह गईं थी। उन्होंने कहा कि आज जांच के दिन उनको सुबह 11 बजे तक त्रुटि सुधार के लिए बुलाया गया और नामांकन सुधार के समय उन्हें गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि जिन दस लोगों को प्रस्तावक के रूप में दस्तखत करते थे उनमें रूबी कुमारी का विवरण नही मिलने पर नए नाम की मांग की गई। उन्होंने कहा कि एक नए प्रस्तावक को लाया गया, लेकिन इस दौरान गलती से एक व्यक्ति का हस्ताक्षर छूट गया, जिसके बारे में किसी ने नही बताया।
जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार ने कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है और यह एक पार्टी विशेष के इशारे पर किया है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह इस निर्णय को स्वीकार नहीं करेंगी और इस अन्याय के खिलाफ लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वह अगले दो दिन में इस सम्बंध में कानूनी उपायों को समझने के बाद कोई निर्णय लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित