पटना , सितंबर 28 -- ाजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पूर्णिया, कटिहार, अररिया एवं किशनगंज जिलों में विशेष रेलवे परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी)के लिए चल रही भू-अर्जन की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में एक सप्ताह के भीतर धारा 20(ए) की कार्रवाई हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया।

मंत्री की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में चारों जिलों में प्रस्तावित 21 रेल ओवर ब्रिज की परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि एवं भू-अर्जन की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे एवं कटिहार रेल मंडल के वरीय अधिकारियों के साथ एनएफ रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य अभियंता भी उपस्थित थे mबैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के भू-अर्जन निदेशालय के निदेशक कमलेश कुमार सिंह तथा पूर्णिया, कटिहार, अररिया एवं किशनगंज के जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करें। उन्होंने परियोजनावार प्रगति की लगातार निगरानी करते हुए एक सप्ताह में धारा 20(ए) की कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि इन परियोजनाओं से संबंधित भू-अर्जन की प्रक्रिया को रेलवे के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परियोजनाओं की प्रगति में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित