पटना , जून 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि बिहार के गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास को पुनर्जीवित करने की दिशा में राज्य सरकार अगले एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय का पुनर्स्थापन करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज यहां एक हिंदी दैनिक की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार ज्ञान और प्रतिभा की भूमि है। राज्य के छात्र देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटा जैसे शिक्षा केंद्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र भी बड़ी संख्या में बिहारी हैं और वहां पढ़ाने वाले शिक्षकों में भी बिहार के लोगों की महत्वपूर्ण भागीदारी है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के छात्र लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि देश भर में शीर्ष पदों से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में बिहारी अपनी मेहनत, ज्ञान और प्रतिभा के बल पर अलग पहचान बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार कभी विश्व की शिक्षा राजधानी रहा है। यहां नालंदा यूनिवर्सिटी और विक्रमशिला जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना हुई है। नालंदा विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापना कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विक्रमशिला विश्वविद्यालय को भी पुनर्जीवित करने की आवश्यकता जताई थी। इसी संकल्प को पूरा करते हुए राज्य सरकार अगले एक वर्ष में विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन का कार्य पूरा करेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने साइकिल और पोशाक जैसी योजनाओं के माध्यम से लाखों बच्चों को स्कूलों तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार में 73 हजार से अधिक विद्यालय संचालित हैं, लेकिन अब शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से जुलाई माह से प्रत्येक प्रखंड में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का सपना तब पूरा होगा, जब कॉन्वेंट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी इन मॉडल स्कूलों में नामांकन लेने के लिए उत्सुक होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित