बदायूं , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसावां क्षेत्र में एक लाख रुपये की छिनैती के आरोपियों और पुलिस के बीच शुक्रवार तड़के मुठभेड़ हो गयी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसावां थाना क्षेत्र में हजरतपुर रोड पर सिद्धनाथ मंदिर के पास पुलिस को कुछ संदिग्ध बदमाशों के एकत्र होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल राजू भी घायल हो गया।

घायल बदमाशों की पहचान सर्बजीत, गौरव और रॉकी के रूप में हुई है। तीनों फर्रुखाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कांस्टेबल का भी उपचार चल रहा है। दातागंज के क्षेत्राधिकारी आशेषनाथ सिंह ने बताया कि 18 अगस्त को उसावां थाना क्षेत्र में भैंस बेचकर लौट रहे एक व्यक्ति की जेब काटकर एक लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार तड़के इसी मामले में वांछित बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी एक और लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित