जोधपुर , मई 14 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय राजनीति में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की सोच की नींव बहुत पहले पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत ने रखी थी और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह विचार राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना हुआ है।

श्री सिंह गुरुवार को यहां श्री शेखावत की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री शेखावत का मानना था कि लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव एक साथ होने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी।

उन्होंने श्री भैरों सिंह शेखावत को लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की राजनीति के जीवंत प्रतीक बताया और कहा कि उनका सपना था कि राजस्थान के हर घर में खुशहाली हो, हर हाथ को काम मिले और हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। आज देश और राजस्थान दोनों ही विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहे हैं और पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को स्वीकार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि श्री शेखावत ने राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और नैतिकता को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर देश के उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके जीवन मूल्य, संस्कार, कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा सदैव समाज और राजनीति को दिशा देती रहेगी।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के कठिन दौर में भी श्री भैरोसिंह शेखावत लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अडिग रहे। उन्होंने जीवनभर स्वयं को लोकतंत्र का सच्चा सिपाही माना। राज्यसभा के सभापति के रूप में भी उन्होंने कई नयी परंपराओं की शुरुआत की।

श्री सिंह ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री रहते हुए श्री शेखावत द्वारा शुरू की गयी, अंत्योदय योजना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई। उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को संबल देना था। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वह भैरोसिंह शेखावत के अंत्योदय और जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए गांवों तक जाकर आमजन से संवाद कर रहे हैं तथा प्रदेश के विकास के नए आयाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों से राजस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और आधारभूत सुविधाओं सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भजनलाल शर्मा सफल एवं कामयाब मुख्यमंत्री के तौर पर जाने जायेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रदेश में जहां केवल लगभग 11.68 लाख ग्रामीण घरों तक नल से जल पहुंचा था, मार्च 2025 तक 60 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक जलापूर्ति सुनिश्चित की गयी है, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित