हमीरपुर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र में रविवार को एक युवक ने अपनी दादी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिन दहाड़े मौत के घाट उतार दिया।

आरोपी ने हत्या करने के बाद वृद्धा को गले में रस्सी का फंदा डालकर चारपाई से बांध दिया और भाग निकला।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के मवई गांव निवासी शोभा रानी (80) पत्नी रामादीन राजपूत आज दोपहर करीब डेढ़ बजे घर पर थी। तभी शोभारानी से उसके नाती गजेंद्र से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी तभी क्रोध में आकर गजेंद्र ने दादी पर कुल्हाडी से कई वार किये जिससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गयी इसके बाद युवक ने वृद्धा को गले में रस्सी का फंदा डालकर चारपाई से बांध दिया।

पुलिस को जानकारी होने पर मौके पर फील्ड यूनिट व सीओ राजीव प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर जाकर जांच पड़ताल की।

उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते ही युवक ने घटना को अंजाम दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित