नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- दिल्ली पुलिस ने चंडीगढ़ से एक मुक्केबाज की हत्या के मुख्य आरोपी और घोषित अपराधी एवं हिस्ट्री-शीटर विकास दहिया (42) को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा का रहने वाला दहिया जुलाई 2025 से एक सनसनीखेज हत्याकांड के सिलसिले में फरार चल रहा था। वह एक ऐसे मामले में वांछित था, जो बाबा हरिदास नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) पंकज कुमार ने बताया, "महीनों तक गिरफ्तारी से बचने के बाद, अक्टूबर 2025 में द्वारका की एक अदालत ने दहिया को घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।"इस मामले के जांचकर्ताओं के अनुसार, दहिया दिल्ली के सुराखपुर गांव के स्थानीय मुक्केबाज विकास डागर उर्फ भिंडा की हत्या का मुख्य आरोपी था।

श्री कुमार ने बताया, "यह हत्या एक सुनियोजित और लक्षित वारदात थी, जो पिछले साल जुलाई में हुई थी। इसमें दहिया मुख्य हमलावर था, जिसने पीड़ित पर जानलेवा गोली चलाई थी जबकि उसके साथी भी इस हमले में शामिल थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए थे।"गौरतलब है कि दहिया 2010 के एक पुराने हत्याकांड में उच्च न्यायालय से मिली जमानत पर बाहर था। उस मामले में उसे दोषी ठहराया गया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। उस मामले में भी यह पाया गया था कि वही मुख्य शूटर था, जिसने निजी रंजिश के चलते पीड़ित पर कई राउंड गोलियां चलाई थीं।

अपराध शाखा की टीम ने चंडीगढ़ में दहिया की गतिविधियों के बारे में मिली विशिष्ट सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। उपायुक्त ने बताया, "तकनीकी निगरानी और फील्ड वेरिफिकेशन के बाद, टीम ने छापा मारा और उसे दबोच लिया।"उन्होंने बताया कि लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी ने हालिया हत्याकांड में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अपने साथियों के एक नेटवर्क की मदद से अलग-अलग राज्यों में लगातार अपनी जगह बदल रहा था।

पुलिस ने बताया, "उसने अपने साथियों के बारे में भी जानकारी दी, जिनमें सुमित राणा और कृष्ण दहिया शामिल हैं, जो अभी भी फरार हैं।"पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं, और मामले की आगे की जांच चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित