जौनपुर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने एक माह के भीतर जिले की सभी सड़कों को गड्डामुक्त किये जाने के निर्देश दिये हैंजिलाधिकारी की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग की समस्त निर्माणाधीन सड़कों एवं संपर्क मार्ग के प्रगति की समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि एक माह के अंदर सभी प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कों का निरीक्षण कराते हुए गड्ढामुक्त किया जाए। विशेष रूप से शहरी क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल गड्ढामुक्त कराने तथा जनपद की सीमा में आने वाली सभी प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मानक एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित