बांदा , जुलाई 15 -- चित्रकूट के श्रद्धालुओं और जन- जन की सुविधा के लिये स्थापित हो रहे उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के चित्रकूट डिपो की स्थापना का कार्य निरंतर तीव्र गति से जारी है और एक माह में नए चित्रकूट डिपो से पूरी तरह से बसों के संचालन का कार्य शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक राम लवट ने बुधवार को बताया कि चित्रकूट डिपो बनकर तैयार है। सिर्फ डीजल पंप की स्थापना का कार्य कुछ शेष रह गया है जिसमें एक माह का समय लगेगा। कार्य पूरा होते ही चित्रकूट डिपो को 40 बसें दी जाएगी। फिलहाल वहां सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, स्टेशन इंचार्ज सहित 10 कर्मचारी तैनात है। डिपो में कार्य शुरू होने के बाद आवश्यकतानुसार और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। फिलहाल वहां सात अनुबंधित बसों से कार्य चल रहा है।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट डिपो की स्थापना के बाद क्षेत्रीय आम जनमानस और चित्रकूट जिले के श्रद्धालुओं को आने जाने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जन सुविधा के लिये बांदा जिले के कालिंजर, बबेरू व हमीरपुर जिले के कुच्छेछा में बस स्टेशनों की स्थापना का कार्य तेजी से शुरू है और चित्रकूट जिले के राजापुर में भी बस स्टेशन की स्थापना हेतु जमीन को चिंतित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित