सिलीगुड़ी , अक्टूबर 02 -- बिहार के वाल्मीकि बाघ अभयारण्य से तीन साल की बाघिन के बुक्सा पहुंचने पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है "एक बार फिर बुक्सा के जंगल बाघ की दहाड़ से गूंज उठेंगे।"गौरतलब है कि बिहार के वाल्मीकि बाघ अभयारण्य से तीन साल की बाघिन को बुधवार को भारतीय वायु सेना के विशेष सी-130जे विमान से हासीमारा वायुसेना स्टेशन लाया गया और फिर सड़क मार्ग से बुक्सा अभ्यारण्य तक पहुंचाया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अधिकारी, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य के वन मंत्री मनोज कुमार उरांव और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बाघिन को बुक्सा के जंगलों में छोड़े जाने का कार्यक्रम है।

श्री अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की संयुक्त पहल से बुक्सा की जैव विविधता को बहाल करने और पूरे डुआर्स क्षेत्र में प्रकृति पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए नये अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को राज्य के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों में एक ऐतिहासिक अध्याय बताते हुए कहा कि बाघों को फिर से बसाने से क्षेत्र में पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित