नयी दिल्ली , मई 28 -- राजधानी दिल्ली स्थित फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल में देश का पहला ऐसा मामला सामने आया है जहां एक ही परिवार के दो भाइयों में दिल की मांसपेशियों के कमजोर होने के बाद उनके हार्ट ट्रांसप्लांट किये हैं। दोनों भाइयों में एक दशक के अंतराल पर समान तरह की बीमारी के लक्ष्ण देखे गये और आखिर में दोनों भाइयों का हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया।
एडवांस्ड डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी(एडीसीएम) होने की वजह से 11 वर्षों के दौरान दोनों भाइयों का हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया। एडवांस्ड डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी हृदय की मांसपेशियों को प्रभावित करने वाला ऐसा रोग है जो गंभीर हार्ट फेल की वजह बन सकती है। दोनों ही भाइयों की सर्जरी डॉ. ज़ेड. एस. मेहरवाल, चेयरमैन एवं हेड, एडल्ट कार्डिएक सर्जरी, हार्ट ट्रांसप्लांटेशन एंड वीएडी प्रोग्राम, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, ओखला, नयी दिल्ली की देखरेख में हुई।
बड़े भाई में इस बीमारी के लक्षण 16 वर्ष की उम्र से दिखने शुरू हो गए थे। इसकी शुरुआत बेवजह होने वाली थकान से हुई थी, जो बाद में सांस लेने की दिक्कत जैसी गंभीर समस्या बन गई। इसके अलावा, पैरों में सूजन और बार-बार हार्ट फेल जैसे लक्षण भी दिखने लगे। विस्तृत चिकित्सकीय जांच से एडवांस्ड डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी (डीसीएम) का पता चला। इस बीमारी में हृदय की मांसपेशियों का विस्तार हो जाता है और वे कमजोर हो जाती हैं और इस वजह से प्रभावी ढंग से खून को पंप करने की क्षमता भी कम हो जाती है। व्यापक मेडिकल थेरेपी के बाद भी उनकी स्थिति खराब होती गई और वर्ष 2015 में फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, ओखला में उनका हार्ट ट्रांसप्लांट किया गया।
इसके 11 वर्षों बाद छोटे भाई को 27 वर्ष की उम्र में वैसे ही लक्षण दिखने शुरू हो गए, जबकि इससे पहले उसे किसी तरह की समस्या नहीं आई थी। उसे सांस लेने में दिक्कत, कसरत करने की कम होती क्षमता, हार्ट फेल होने की वजह से बार-बार अस्पताल में भर्ती होने जैसी समस्याएं भी महसूस होने लगीं। क्लिनिकल जांच में भी इसी बीमारी की पुष्टि हुई कि उन्हें आखिरी स्टेज का डाइलेटेड कार्डियोमायोपैथी है। चूंकि उनकी स्थिति धीरे-धीरे अंतिम स्टेज के हार्ट फेल तक पहुंच रही थी, ऐसे में हार्ट ट्रांसप्लांट ही एकमात्र सटीक उपचार लगा।
डोनर और ट्रांसप्लांट कराने वाले व्यक्ति की खून की धमनियों के आकार में अंतर होने की वजह से इस हार्ट ट्रांसप्लांट में तमाम तरह की तकनीकी चुनौतियां सामने आने लगीं। इसके कारण ट्रांसप्लांट के दौरान विशेष प्रकार की सर्जिकल तकनीकों की ज़रूरत थी। हालांकि, डोनर के हार्ट इंप्लांटेशन के लिए ज़रूरी समयावधि के भीतर ही ट्रांसप्लांट का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस मामले में मृत डोनर रोहतक का 37 वर्ष का पुरुष था जिसकी मृत्यु इंट्राक्रेनियल हैमरेज की वजह से हुई थी। ट्रांसप्लांट के बाद, छोटे भाई की तबियत में तेज़ी से सुधार हुआ और ऑपरेशन के बाद की व्यापक देखभाल और निगरानी के बाद ठीक हो जाने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित