बेमेतरा , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला जिला पंचायत में एक ही पद पर दो मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) की मौजूदगी से प्रशासनिक असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है और उन्होंने कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान तत्कालीन सीईओ शिशिर शर्मा का स्थानांतरण कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर कर ट्रांसफर आदेश पर स्थगन (स्टे) प्राप्त कर लिया। हालांकि, स्टे मिलने से पहले ही जिला पंचायत बेरला में एक नई महिला सीईओ की पदस्थापना कर दी गई थी।
इस घटनाक्रम के बाद वर्तमान में एक ही जनपद पंचायत में दो सीईओ कार्यरत नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। स्थिति उस समय और जटिल हो गई जब जनप्रतिनिधियों की बैठक में दोनों अधिकारी एक साथ उपस्थित हुए, जहां आपसी विवाद की स्थिति भी बन गई।
घटनाक्रम से नाराज जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य सदस्य आज कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर से मुलाकात कर एक ही सीईओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि दो अधिकारियों के कारण भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनता के कार्यों और विकास योजनाओं पर असर पड़ रहा है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। प्रशासन द्वारा इस स्थिति का जल्द निराकरण किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित