जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि जनता के वोट पर डाका डालने, मतदाता सूचियों से नाम काटने और लोकतंत्र की आवाज़ दबाने की हर साज़िश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
श्री डोटासरा ने एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली की तैयारी के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की जयपुर में कांग्रेस नेताओं के साथ रविवार को एक बैठक के बाद यह बात कही। बैठक में श्री डोटासरा, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एनएसयूआई के अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस सह प्रभारी रित्विक मकवाना, चिरंजीवी राव और पूनम पासवान, पार्टी नेता जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक, विधायक प्रत्याशी, संगठन पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री डोटासरा ने बताया कि बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली में राजस्थान से अधिक से अधिक कार्यकर्ता और नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति पर विचार किया गया। इस दौरान उन्होंने श्री वेणुगोपाल को आश्वस्त किया कि रैली में राजस्थान से कम से कम एक लाख कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता भाग लेने के लिए पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया पर उठते गंभीर सवालों और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर अब आर-पार की लड़ाई होगी। राजस्थान की जनता लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं करेगी। एक नवंबर को राजस्थान से हजारों कांग्रेसजन दिल्ली कूच करेंगे और रामलीला मैदान से सत्ता के अहंकार को लोकतंत्र की ताकत का एहसास कराया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित