गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 24 -- ाष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, के निर्देशों के क्रम में आगामी एक नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला न्यायालय परिसर, में मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ विधिक सहायता और सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
शनिवार को शिविर की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई,बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिविर के आयोजन से संबंधित तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके लिए आवश्यक है कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पात्र लाभार्थियों की पहचान करें और उनका पंजीकरण कराते हुए सभी जरूरी औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें। इससे शिविर में आने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्ति लाभान्वित हो सकेंगे।
मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर में समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। इसमें दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पात्र वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिविर के माध्यम से लोगों को विधिक सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ सरकारी योजनाओं और सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसकी जानकारी प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन के लिए आवश्यक अभिलेखों तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में पहले से जानकारी दी जाए। इससे आवेदन के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करने और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित