रांची , सितंबर 11 -- झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के सभी जगहों में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आज देशभर के राष्ट्रीयकृत बैंकों में आयोजित एक दिवसीय हड़ताल व्यापक रूप से सफल रही।
हड़ताल में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता एवं संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया।
एसबीआईएसए रांची अंचल के उपमहासचिव मनोज कुमार ने बताया कि हड़ताल को कर्मचारियों एवं अधिकारियों का व्यापक समर्थन मिला। विभिन्न शाखाओं एवं प्रशासनिक कार्यालयों में कर्मचारियों ने एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाया तथा अपनी जायज मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
श्री कुमार ने कहा कि 5-डे बैंकिंग लागू करने, पर्याप्त संख्या में भर्ती करने, बढ़ते कार्यभार को कम करने, बेहतर कार्य-परिस्थितियां सुनिश्चित करने तथा प्रदर्शन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) से जुड़े मुद्दों सहित बैंक कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर सरकार एवं बैंक प्रबंधन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कर्मचारियों की कमी के कारण मौजूदा कर्मचारियों पर लगातार कार्यभार बढ़ रहा है। इसके बावजूद बैंक कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ देश की बैंकिंग व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आज की सफल हड़ताल बैंक कर्मचारियों की एकता और संघर्षशीलता का स्पष्ट प्रमाण है। जबकि बैंकों में नो वर्क, नो पे का प्रावधान है इसके बावजूद कर्मचारी एकजुटता दिखाई खास कर महिला कर्मचारियों ने -- केंद्र सरकार भी जायज मांगों की अनदेखी लंबे समय तक नहीं कर सकती है। यदि समस्याओं का सकारात्मक समाधान नहीं हुआ, तो संगठन भविष्य में भी लोकतांत्रिक एवं ट्रेड यूनियन आंदोलन को और मजबूत करेगा।"श्री कुमार ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और आंदोलन को सफल करने में कर्मचारी संघ से संजय कुमार सिंह, सोहन पासवान, कुमार अभिनव, नेहा श्रीवास्तव एवं अन्य --अधिकारी संघ से कुणाल कुमार , राजेश का भी सहयोग सराहनीय रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित