प्रयागराज , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को प्रयागराज के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। उपमुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहीं से सीधे शहर के सिविल लाइंस में स्थित एक होटल में आयोजित चिकित्सक समर्पण सम्मान समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम चिकित्सकों को सम्मानित करेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार पर अपने विचार रखेंगे।

समारोह के बाद ब्रजेश पाठक दोपहर 1:55 बजे यूपी के पूर्व गृहमंत्री स्वर्गीय राजेंद्र त्रिपाठी के आवास अल्लापुर जाकर शोक व्यक्त करेंगे और परिजन से मिलेंगे। इसके बाद वे दोपहर 2:30 बजे मेडिकल कॉलेज स्थित एसआरएन अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं, रोगी देखभाल और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लेंगे तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों और आवश्यकताओं पर अधिकारियों से चर्चा करेंगे।

श्री पाठक शाम 3:50 बजे बमरौली एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।बमरौली एयरपोर्ट, सिविल लाइन स्थित होटल, अल्लापुर बाघम्बरी रोड और एसआरएन अस्पताल के आसपास व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन और सुरक्षा घेरा मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित