चंडीगढ़ , जनवरी 13 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी से संबंधित एक वीडियो की एक ही दिन में फॉरेंसिक जांच करने के मामले में, दिल्ली विधानसभा द्वारा तलब किए जाने पर पंजाब पुलिस द्वारा अतिरिक्त समय मांगे जाने पर तंज कसते हुए कहा कि यदि जांच एक दिन में हो सकती है, तो विधानसभा को जवाब भेजने के लिए इतना अधिक समय क्यों चाहिए।

श्री जाखड़ ने इस संबंध में मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा किए अपने संदेश में कहा,"जिस पंजाब पुलिस ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी की वीडियो की एक दिन में फॉरेंसिक जांच कर ली थी, वही पुलिस दिल्ली विधानसभा के स्पीकर द्वारा 48 घंटे में मांगे गए जवाब को देने के लिए 10 दिन का समय मांग रही है। दूसरी ओर, हम लगातार मुख्यमंत्री के चेहरे से मिलती-जुलती आपत्तिजनक वीडियो की जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन उस मामले में पुलिस चुप क्यों है? क्या दाल में कुछ काला है?"उल्लेखनीय है कि वह लगातार यह कहते आ रहे हैं कि यदि पंजाब पुलिस दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री से संबंधित वीडियो की एक दिन में जांच कर सकती है, तो मुख्यमंत्री के चेहरे से मिलती-जुलती आपत्तिजनक वीडियो की जांच क्यों नहीं करवाई जा रही है और लोकतंत्र की हत्या के इरादे को दर्शाने वाली पटियाला पुलिस की ऑडियो की जांच क्यों नहीं करवाई जा रही है। इस संबंध में उन्होंने पंजाब के पुलिस महानिदेशक को एक पत्र भी लिखा है और मुख्यमंत्री जैसे चेहरे वाली वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराए जाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित