जालौन , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों की मदद के लिए जालौन पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने एक-एक दिन का वेतन स्वेच्छा से देकर 11 लाख 41 हजार 500 रुपये की सहायता राशि जुटाई।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच मई 2026 को हरियाणा के नूंह जनपद में ड्यूटी के दौरान हुए दुखद सड़क हादसे में जालौन में तैनात उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी अशोक कुमार तथा सर्विलांस सेल में तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार शहीद हो गए थे।
शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जालौन पुलिस के समस्त अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से अपने एक दिन के वेतन की धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में संकलित की। इसी धनराशि से शहीद उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह की पत्नी तथा आरक्षी अशोक कुमार की माता को चेक प्रदान किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित