पटना , मई 31 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर राजधानी पटना में एक जून से अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान पुनः शुरू किया जाएगा।

यह मल्टी-एजेंसी अभियान 30 जून तक चलेगा, जिसके लिए नौ टीमों का गठन किया गया है। अभियान पटना नगर निगम के छह अंचलों नूतन तन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी के साथ नगर परिषद खगौल, फुलवारीशरीफ तथा दानापुर निजामत क्षेत्र में भी संचालित किया जाएगा।

अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहेंगे। प्रभावी संचालन के लिए पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जो अभियान की शुरुआत से लेकर समापन तक विशेष निगरानी रखेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और संवाद स्थापित कर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए।

अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहेगी, जहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा, वहां पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संबंधित थानाध्यक्ष अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विवरण स्टेशन डायरी में भी दर्ज करेंगे।

गठित टीमें शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमणमुक्त बनाने, अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने का कार्य करेंगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आम लोगों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए और सभी हितधारकों के साथ सतत संवाद बनाए रखा जाए। साथ ही नगर व्यवस्था, परिवहन, जिला नियंत्रण कक्ष तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित