अलवर , अगस्त 05 -- राजस्थान में अलवर शहर में बुधवार शाम को एक घंटे की बारिश पूरे शहर के लिए आफत का सबब बन गयी।
दिनभर की भीषण उमस और चिलचिलाती धूप के बाद शाम करीब पांच बजे अचानक आसमान में काले बादल उमड़ने लगे। अपराह्न चार बजे तक गर्मी से बेहाल लोग बारिश की उम्मीद लगाये बैठे थे, लेकिन शाम छह बजे शुरू हुई बारिश ने अगले एक घंटे में ही शहर में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। महज 60 मिनट की बारिश में पूरा शहर एक बड़ी तलैया और दरिया जैसा नजर आने लगा। मूसलाधार बारिश के चलते शहर के प्रमुख इलाके होप सर्कस, घंटाघर, त्रिपोलिया, बस स्टैंड, अशोक टॉकीज और एसएमडी चौराहे से लेकर सड़कें जलमग्न हो गयी।
सबसे ज्यादा नुकसान चूड़ी मार्केट में देखने को मिला, जहाँ दुकानों के भीतर तक पानी भर गया। व्यापारियों का कीमती सामान पानी में तैरता नजर आया। नालों और नालियों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण पूरी गंदगी सड़कों पर तैरने लगी। जलभराव ने राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सांसें अटका दीं। जगह-जगह सीवरेज और पाइपलाइन के नाम पर खोदे गए गड्ढों को बिना ठीक से भरे छोड़ दिया गया। इन गड्ढों के कारण कई ई-रिक्शा और मोटर साइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरते-पड़ते दिखे, वहीं भारी वाहन कीचड़ और पानी में फंस गये।
लोगों ने कहा कि एक घंटे की बारिश ने साबित कर दिया कि नगर निगम मानसून पूर्व की तैयारियों के नाम पर सिर्फ कागजी दावे कर रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित