बिहारशरीफ , जुलाई 27 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दुग्ध का उत्पादन करना है और इसके लिए पशुपालकों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण, उन्नत नस्ल, पशु स्वास्थ्य सुविधाएं तथा मजबूत डेयरी अवसंरचना उपलब्ध कराई जा रही है।श्री चौधरी में आज नालंदा स्थित बिहारशरीफ डेयरी परियोजना परिसर में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट,कॉमफेड द्वारा संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप एवं सुधा कैफेटेरिया का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 300 खुदरा विक्रेताओं के बीच डीप फ्रीजर वितरित किए साथ ही पशु उठाव एवं परिवहन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा पशुपालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बिहारशरीफ स्थित सुधा डेयरी प्लांट का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नालंदा की धरती ऐतिहासिक है। अखंड भारत में राजगीर मगध साम्राज्य की राजधानी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि दुग्ध क्षेत्र में नई क्रांति से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बिहार की मजबूत नींव रखी जाएगी। बिहार में दुग्ध क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है।
श्री चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दुग्ध का उत्पादन करना है। इसके लिए पशुपालकों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण, उन्नत नस्ल, पशु स्वास्थ्य सुविधाएं तथा मजबूत डेयरी अवसंरचना उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले दही एवं लस्सी प्लांट की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित