पटना , अक्टूबर 15 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ताओं से पूरी मुस्तैदी के साथ एक-एक वोट के लिए मेहनत करने और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से गठबंधन प्रत्याशी नीरज कुमार को विजयी बनाने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री ने आज बाढ़ और पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित चुनावी सभाओं में राजग नेताओं से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

श्री यादव ने कहा कि मतदाताओं को वर्ष 2005 से पहले बिहार में स्नातक मतदाताओं की संख्या और आज की स्थिति पर गौर करना चाहिए। यह बदलाव किसके शासनकाल में हुआ, इसे भी समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने हर पंचायत में प्लस टू विद्यालय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। बिहार की उन्नति, सामाजिक प्रगति, शिक्षा के विस्तार और रोजगार के अवसरों को गति देने के लिए उन्होंने नीरज कुमार को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित