चंडीगढ़ , मार्च 28 -- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कटौती को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का सीधा लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा, बल्कि इसका फायदा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को मिल रहा है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा कटौती के एलान के बाद प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह मानना गलत है कि उपभोक्ताओं को 10 रुपये प्रति लीटर की पूरी राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब भी लगभग वही कीमत चुका रही है।
श्री सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि 2014 में कच्चा तेल 106 डॉलर प्रति बैरल होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल सस्ता था, जबकि हाल के वर्षों में कम कीमत होने के बावजूद उपभोक्ताओं को ज्यादा भुगतान करना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले वर्षों में कई बार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर भारी राजस्व जुटाया है, जिससे आम जनता को राहत नहीं मिल पायी। उनके अनुसार, हालिया कटौती भी केवल दिखावा साबित हो सकती है।
उन्होंने राज्य में कथित घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं, जो भ्रष्टाचार की गंभीर तस्वीर पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी परेशान है।
श्री सिंह ने मांग की कि सरकार दिखावटी फैसलों के बजाय पारदर्शी और ठोस नीतियां लागू करे, ताकि आम उपभोक्ताओं को वास्तविक राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित