नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्जिम बैंक) ने केंद्र सरकार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शुद्ध लाभ में से 428 करोड़ रुपये की शेष राशि हस्तांतरित की है।

एक्जिम बैंक की प्रबंध निदेशक हर्षा बंगारी ने भारत सरकार को 428 करोड़ रुपये की शुद्ध लाभ की शेष राशि के हस्तांतरण की रसीद वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण को गुरुवार को प्रस्तुत की।

बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4,273 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। इसमें से 10 प्रतिशत (428 करोड़ रुपये) शुद्ध लाभ की शेष राशि के रूप में केंद्र सरकार को हस्तांतरित किये गये हैं।

एक्जिम बैंक का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 में सालाना आधार पर 31.74 प्रतिशत बढ़ा है। बैंक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह देश के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ साझेदार देशों की विकास प्राथमिकताओं के समर्थन के प्रति बैंक की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बैंक की चुकता पूंजी पूरी तरह से केंद्र सरकार के स्वामित्व और सदस्यता में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित