मऊ , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने तमसा नदी के पावन तट स्थित हनुमान घाट पर पीपा पुल के निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि लगभग 100 वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई है। बरसात के मौसम में तमसा नदी पार करने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिससे आवागमन बाधित होता था और जनजीवन प्रभावित होता था।

उन्होंने बताया कि पीपा पुल के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। आसपास के दर्जनों गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से किसानों को कृषि उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि पुल सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी दोनों तटों के लोगों को जोड़ने का कार्य करेगा। छात्र-छात्राओं को विद्यालय और महाविद्यालय पहुंचने में आसानी होगी तथा मरीजों को आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित