चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को हिसार के खरकारी गांव में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान करीब 4.63 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बूस्टिंग स्टेशन, 18 लाख रुपये की लागत से सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन और 8 लाख रुपये की लागत से चौपाल में किए गए विकास कार्य शामिल हैं।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान रणबीर गंगवा ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि हिसार हवाई अड्डे के पास प्रस्तावित एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार हिसार और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ औद्योगिक एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित